दिल्ली में दो साल कानूनी जंग के बाद बनी ये सड़क
Jul 09, 2025
दिल्ली में दो साल कानूनी जंग के बाद बनी ये सड़क
नई दिल्ली। दिल्ली में एक सड़क बनवाने के लिए स्थानीय लोगों ने दो साल तक कानूनी लड़ाई लड़ी। आखिरकार जब कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद सड़क बनी। लेकिन हल्की बारिश में ही ये सड़क उखड़ गई। दक्षिणी दिल्ली के कोटला मुबारकपुर के निवासियों ने दो साल कानूनी जंग लड़कर सड़क बनवाई। लोगों को लगा कि कुछ राहत मिलेगी, लेकिन इस साल की हल्की बूंदाबांदी के बाद ही सड़क महज 15 दिन में उखड़ गई। इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इस पीड़ा को लेकर स्थानीय निवासी एक बार फिर दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। स्थानीय निवासियों ने याचिका दायर कर इस सड़क को बनाने वाले स्थानीय निकायों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि इस सड़क को दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भी 11 महीने की देरी से बनाया गया। 19 जून को बनकर तैयार हुई इस सड़क में महज 15 दिन बाद ही गड्ढे हो गए हैं।
न्यायालय से भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग के साथ एक बार फिर से सड़क बनवाने का आदेश देने की गुहार लगाई गई है। इस मामले में याचिकाकर्ताओं ने वर्ष 2022 में दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इलाके की बदहाल सड़क का दर्द बयां किया था। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि यह सड़क पिछले 15 साल से टूटी पड़ी है। यह कोटला मुबारकपुर के मुख्य मार्गों में आती है। याचिका के साथ सड़क की तस्वीरें भी कोर्ट के समक्ष पेश की गईं। दो साल तक मामला पीठ के समक्ष विचाराधीन रहा। 5 सितंबर 2024 को तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश की पीठ ने आदेश जारी कर निगम को दिसंबर 2024 तक इस सड़क का निर्माण पूरा करने को कहा। हालांकि सड़क निर्माण में देरी हुई और जून 2025 में सड़क का निर्माण पूरा हुआ। मामूली बारिश के बाद सड़क के जगह-जगह से उखड़ने के बाद यह मुद्दा एक बार फिर उच्च न्यायालय में पहुंच गया है।