चोर महिलाओं ने ऐसे बनाए बहाने की कभी जेल ही नहीं हो पाई
Apr 12, 2024
-चीन का है ये अजीबोगरीब मामला
बीजिंग । चीन की दो महिलाओं ने न सिर्फ चोरी की बल्कि पकड़े जाने के बाद ऐसा बहाना बनाती थीं कि कभी भी पुलिस उन्हें जेल नहीं भेज पाई। उनकी कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। दोनों महिलाएं न सिर्फ शातिर थीं बल्कि उन्होंने अपने बच्चों का इस्तेमाल चोरी के लिए कर डाला।
जानकारी के मुताबिक शाओ क्विंग और ज़ु ज़ु नाम की 30 और 39 साल की महिलाओं ने ये कांड किया है। वे एक साथ मिलकर कपड़े का व्यवसाय चलाती थीं। कोविड के दौरान उनका नुकसान हुआ और उन्हें अपनी दुकान बंद कर देनी पड़ी। उनकी आय का स्रोत बंद हो गया। इनमें से एक महिला की दो बार शादी हुई और तलाक हुआ और उसके कुल 7 बच्चे थे। वहीं दूसरी महिला के 4 बच्चे हैं।
कुल 11 बच्चों की परवरिश आसान नहीं थी, ऐसे में उन्होंने मेहनत के बजाय अपराध का रास्ता चुन लिया, वो दुकानों से चीज़ें चोरी करने लगीं। कई बार इन महिलाओं को चोरी के मामले में पकड़ा भी गया लेकिन कभी भी ये जेल नहीं गईं। दरअसल चीन का कानून कहता है कि प्रेग्नेंट या फिर बच्चों को दूध पिलाने वाली महिलाओं को जेल नहीं भेजा जाता है। चूंकि इन महिलाओं के बच्चे छोटे थे, ऐसे में वे बच्चों की आड़ में जेल जाने से बचती रहीं।
उन्होंने पिछले दो साल में 31-32 हज़ार रुपये का सामान चुरा लिया था। उन्हें फिलहाल जेल से बाहर ही सज़ा सुनाई गई है। आपने चोरी की तमाम घटनाएं सुनी होंगी। कहीं चोर इतने शातिर होते हैं कि पुलिस की आंखों के सामने से ही निकलकर चले जाते हैं तो कहीं इतने बेवकूफ होते हैं कि चोरी वाले घर में सोने या फिर खाने लग जाते हैं। हालांकि कुछ चोरों के पास इतना दिमाग होता है कि सच जानकर भी पुलिस या कानून उनका कुछ बिगाड़ नहीं पाती।