यूपी में एक अक्टूबर से लखनऊ में गुलाबी ठंड पड़ेगी

लखनऊ । सितंबर का महीना यूपी के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। इस महीने में बारिश ने सितंबर के महीने का पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब यह महीना खत्म होने वाला है और लोगों को ठंड का इंतजार है। लखनऊ मौसम केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार एक अक्टूबर से गुलाबी सर्दी लखनऊ में दस्तक दे देगी। इसके साथ लोगों को ठंड का एहसास होने लगेगा। 

इस साल ठंड ज्यादा होगी या कम इसका अपडेट अभी आना बाकी है और लखनऊ मौसम केंद्र इसकी मॉनिटरिंग कर रहा है। एक अक्टूबर के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस बार कोहरा कितना रहेगा। लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि इस सप्ताह अब तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अब बारिश का भी कोई पूर्वानुमान नहीं है लेकिन बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है और बादलों की आवाजाही लगी रहेगी।

लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। मथुरा, चित्रकूट, हाथरस, आजमगढ़, गोंडा में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है। जबकि इन जिलों का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 



Subscribe to our Newsletter