सोशल मीडिया के जरिए आतंकी नेटवर्क फैलाने की थी साजिश
Jul 25, 2025
नई दिल्ली । गुजरात एटीएस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों द्वारा अलकायदा मॉड्यूल के चार संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां दिल्ली से पकड़े गए मोहम्मद फईक के सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों पर पैनी नजर रख रही हैं। गुजरात एटीएस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों द्वारा अलकायदा मॉड्यूल के चार संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियां दिल्ली से पकड़े गए मोहम्मद फईक के सोशल मीडिया नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों पर पैनी नजर रख रही हैं। आशंका है कि फईक पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए बांग्लादेशी संदिग्धों को नेटवर्क से जोड़ रहा था।
एजेंसियां उसके इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहराई से जांच कर रही हैं। मोहम्मद फईक के सोशल नेटवर्क से जुड़े लोगों के नंबर, ईमेल और अन्य डिटेल की जानकारी मांगी गई है। कुछ संदिग्धों की तलाश में छापेमारी भी की जा रही है। फईक के पास से ऐसे कई संदिग्ध वीडियो और पोस्ट मिले हैं, जिन्हें सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर प्रसारित किया गया था। इनका मकसद भारत सरकार के खिलाफ एजेंडा चलाना और युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के जरिए आतंकवादी संगठनों से जोड़ना था। एजेंसियों को शक है कि इन पोस्टों के जरिये देश विरोधी साजिश को हवा दी जा रही थी।