अमेरिका बढ़ा रहा यूक्रेन की मुश्किलें, शांति पर लौटने का बनाया दवाब
Nov 20, 2025
कीव,। अमेरिका लगातार यूक्रेन पर शांति के रास्ते पर लौटने का दवाब बना रहा है। इसी कड़ी में यूक्रेन में गुरुवार की सुबह माहौल तब अचानक बदल गया जब अमेरिका के सबसे ऊंचे सैन्य अधिकारियों की टीम कीव पहुंची। पेंटागन ने बताया कि यह प्रतिनिधिमंडल युद्ध खत्म करने के रास्ते तलाशने के मिशन पर आया है।
टीम की अगुवाई यूएस आर्मी सेक्रेटरी डैन ड्रिस्कॉल कर रहे हैं और उम्मीद है कि राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के तुर्की से लौटते ही उनसे मुलाकात होगी। यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब कई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि अमेरिका और रूस के बीच बैकडोर बातचीत के जरिए एक नया शांति प्लान तैयार किया गया है।
बुधवार को सामने आई मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि एक नया ‘ट्रंप प्लान’ तैयार है जिसमें यूक्रेन के कुछ इलाकों को रूस को दिए जाने जैसे बड़े बदलाव शामिल हैं। हालांकि इस पर न तो अमेरिका और न ही रूस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है। इसी बीच पश्चिमी यूक्रेन के तेरनोपिल शहर पर रूस के मिसाइल और ड्रोन हमले में 26 लोगों की मौत की खबर ने तनाव और बढ़ा दिया। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें रूस की मिसाइल रिहायशी इलाकों में गिरती है।
वहीं इस हमले के बाद नाटो ने अपने फाइटर जेट्स को उड़ाया है। नाटो के सदस्य पोलैंड ने कहा है कि उसने बुधवार को पड़ोसी देश यूक्रेन पर रूस की ओर से बड़े पैमाने पर हमलों के बाद अपने लड़ाकू विमान एक्टिव कर दिए हैं। पोलैंड के सशस्त्र बलों की ऑपरेशनल कमांड ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि चेतावनी देने वाले विमानों को तैनात कर दिया गया है।