शुभमन को उपकप्तान बनाने का कारण सामने आया
Aug 20, 2025
सूर्यकुमार के उत्तराधिकारी के लिए तैयार कर रहा बोर्ड
मुम्बई । अगले माह 9 सितंबर से शुरु हो रहे एशिया कप के लिए बल्लेबाज शुभमन गिल को उपकप्तान बनाये जाने से साफ हो गया है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) चयनसमिति उन्हें भविष्य में कप्तानी संभालने के लिए तैयार करना चाहती है। इसी कारण यशस्वी जायसवाल की जगह उन्हें टीम में शामिल किया गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार शुभमन को चयनकर्ताओं ने यशस्वी के मुकाबले अधिक वरीयता दी है। एक रिपोर्ट के अनुसार 25 साल के शुभमन ने भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम की कप्तान करते हुए 700 से ज्यादा रन बनाये थे। भारतीय टीम ने सीरीज में भी वापसी करते हुए उसे 2-2 पर रोक दिया था। इसी को देखते हुए गंभीर और चयनकर्ता उन्हें अब टी20 में भावी कप्तान के रूप में तैयार करना चाहते हैं। यही कारण है कि उन्हें अक्षर पटेल की जगह उप-कप्तान बनाया गया है।
सूर्यकुमार अब 35 साल के होने के करीब हैं। जिसको देखते हुए भी शुभमन को उनके साथ उप-कप्तान के रूप में शामिल करने किया गया है। जिससे वह भविष्य में इस प्रारुप की भी कप्तानी संभाल सकें। गौरतलब है कि शुभमन ने अब तक 21 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने पिछले साल हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों में भारत की कप्तानी की थी और उनमें से चार में जीत हासिल की थी। वहीं सूर्यकुमार ने अब तक 23 टी20 अंतरराष्ट्री मैचों में भारत की कप्तानी करते हुए 18 मुकाबले जीते है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम केवल 4 मैच ही हारी है।