पुजारी ने अंदर बुलाया और आर्शीवाद के बहाने महिला से की अश्लील हरकत
Jul 11, 2025
-मलेशिया की मॉडल ने सोशल मीडिया पर साझाकर बताई हकीकत
कुआलालम्पुर,। मलेशिया की मॉडल और पूर्व मिस ग्रैंड मलेशिया ने एक हिंदू पुजारी पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। मॉडल ने कहा है कि पुजारी ने मंदिर में पूजा के दौरान उन्हें ‘आशीर्वाद देने’ के बहाने अंदर बुलाकर और छेड़छाड़ की। यह घटना मलेशिया सेपांग जिले के मरियम्मन मंदिर में पिछले शनिवार की बताई जा रही है। आरोप लगने के बाद पुलिस ने आरोपी पुजारी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि वह पूजा कर रही थी, तभी पुजारी ने कहा कि वह मुझे एक खास पवित्र जल और धागा देना चाहता है, जो भारत से आया है। उसने कहा कि ये आम भक्तों को नहीं दिया जाता है। मीडिया रिपोर्ट में मॉडल के मुताबिक पुजारी ने उसे मंदिर के कमरे में बुलाया और वहां एक तेज गंध वाला तरल पदार्थ पानी में मिलाया। इसके बाद पुजारी ने बार-बार उनके चेहरे पर पानी डाला, जिससे वह अपनी आंखें नहीं खोल पा रही थीं। इसके बाद पुजारी उनके कपड़े उठाने लगा और जब मॉडल रोका तो उनके कपड़ों को ‘बहुत टाइट’ कहकर ताना मारा। इसी दौरान वह उनके पीछे खड़ा हो गया और उनके ब्लाउज़ में हाथ डालकर अश्लील हरकत करने लगा।
पीड़िता ने आगे बताया कि मुझे उस पल में सब कुछ गलत लग रहा था, लेकिन मैं हिल तक नहीं पाई। न बोल सकी, न भाग सकी। आज भी समझ नहीं पाती कि क्यों। सबसे ज्यादा दर्द इस बात का है कि ये सब एक मंदिर में और एक पुजारी ने किया। मॉडल ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत की तो जांच अधिकारी ने उन्हें धमकी दी कि यदि वे इस घटना को सार्वजनिक करती हैं, तो ‘उन्हीं को दोषी ठहराया जाएगा। इस डर और मानसिक तनाव के चलते उसने सोशल मीडिया पर आकर पूरी आपबीती साझा की।
सेपांग जिला पुलिस प्रमुख नोरहिज़ाम बहामन ने पुष्टि की कि शिकायत के आधार पर आरोपी पुजारी की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी पुजारी भारत का रहने वाला है और मौजूदा समय में स्थायी पुजारी की गैरमौजूदगी में अस्थायी रूप से मंदिर में पूजा करवा रहा था। पुलिस ने बताया कि पुजारी का तरीका था पहले पवित्र जल चेहरे और शरीर पर छिड़कना, फिर छेड़छाड़ करना। घटना के बाद मलेशिया में भारतीय मूल के संगठनों में भारी नाराज़गी है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी को जल्द गिरफ़्तार कर सख्त सजा दी जाए।