टेलीविजन की कीमत में फिर हो सकती है 10 फीसदी बढ़ोतरी

Jan 29, 2024

नई ‎दिल्ली । टीवी का पैनल बनाने में उपयोग होने वाले ओपन सेल की कीमतें लगातार बढ़ने से कंपनियां भी टीवी के दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं1 महामारी के बाद से ही ओपन सेल की कीमतों में तेजी है और दिसंबर से इसके दाम करीब 20 फीसदी तक बढ़ गए हैं। इस‎लिए टीवी पैनल बनाने वाली कंपनियां फरवरी के आ‎खिर में दाम 15 फीसदी और बढ़ाने की तैयारी में हैं। कंपनियां उत्पादन में कटौती करने पर भी ‎विचार कर रही हैं, जिससे मांग के मुकाबले आपूर्ति कम रह सकती है।

ओपन सेल टेलीविजन का प्रमुख हिस्सा होता है और उत्पादन पर होने वाले कुल खर्च में 60-65 फीसदी हिस्सेदारी इसी की होती है। इसका सबसे ज्यादा उत्पादन चीन की 4-5 कंपनियां करती हैं और ओपन सेल के दाम भी अपनी मर्जी से ही तय करती हैं। इसका दाम पिछले साल अगस्त में भी काफी बढ़ गया था, लेकिन उत्पादक कंपनियों ने दाम घटाए तो इनमें कुछ नरमी आई थी।

एक रिटेलर ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि छोटी और बड़ी स्क्रीन के टेलीविजन पैनल के दाम बढ़ सकते हैं। लेकिन दाम कितने बढ़ेंगे, यह टीवी कंपनियां ही तय करेंगी। रिटेलर ने कहा कि कुछ कंपनियां दाम एकमुश्त न बढ़ाकर धीरे-धीरे बढ़ा सकते हैं क्योंकि पहले ही काफी स्टॉक बिके बगैर पड़ा है।



Subscribe to our Newsletter