रडार से गायब विमान हुआ क्रैश, सभी 50 लोगों के मारे जाने की आशंका
Jul 24, 2025
मॉस्को,। रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण विमान हादसा हो गया। एंटोनोव एएन-24 मॉडल का एक यात्री विमान, जिसमें लगभग 50 लोग सवार थे, घने जंगलों में क्रैश हो गया। प्रारंभिक जानकारी अनुसार, विमान में मौजूद सभी यात्रियों और क्रू मेम्बर्स के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
रूसी आपातकालीन सेवाओं से प्राप्त हो रही जानकारी अनुसार विमान का मलबा जंगल में जलता हुआ मिला है। हेलीकॉप्टर से ली गई तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिरा हुआ देखा गया। रेस्क्यू टीमें घटनास्थल की ओर रवाना हो चुकी हैं, लेकिन घना जंगल होने के साथ ही विमान में लगी आग राहत कार्यों में बाधा बन रहे हैं। उक्त विमान साइबेरिया की एयरलाइन अंगारा का था, जो ब्लागोवेशचेंस्क से टायंडा जा रहा था। यह सोवियत काल में बना विमान था, जिसे 1976 में निर्मित किया गया था। टायंडा के पास पहुंचते ही विमान रडार से लापता हो गया था, जिसकी तलाश जारी थी। ऐसे में प्लेन क्रेश होने की खबर ने सभी को दुखी कर दिया है।
बताया जा रहा है कि खराब मौसम और कथिततौर पर पायलट की किसी गलती के चलते संभावत: हादसा हुआ है। रूसी मीडिया के अनुसार, खराब दृश्यता में लैंडिंग के दौरान चालक दल से चूक हुई, जिससे विमान 15 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी से टकरा गया। वहीं आपातकालीन सेवा अधिकारी यूलिया पेटिना ने जानकारी दी है, कि रोसावियात्सिया के एक एमआई-8 हेलीकॉप्टर ने जलते हुए मलबे को देखा है। हादसे की जगह चीन की सीमा से सटा इलाका बताया जा रहा है, जो अत्यंत दुर्गम और जंगलों से घिरा हुआ है।