गायकवाड़ को श्रद्धांजलि देने बांह पर पट्टी बांध कर उतरी भारतीय क्रिकेट टीम
Aug 02, 2024
कोलंबो । भारतीय क्रिकेट टीम आज यहां श्रीलंका के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में काली पट्टी बांधकर उतरी। भारतीय क्रिकेटरों ने ये काली पट्टी पूर्व क्रिकेटर , कोच और चयनकर्ता रहे अंशुमन गायकवाड़ को श्रद्धांजलि देने के लिए बांधी है। गायकवाड़ का बुधवार रात कैंसर की बीमारी से निधन हो गया था।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी शुरु की। वहीं भारतीय खिलाड़ी बांह पर पट्टी बांध कर उतरे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने गायकवाड़ की याद में और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधी है।
गायकवाड़ का बुधवार रात निधन हो गया था। वह 71 साल के थे। गायकवाड़ लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। विश्व विजेता कप्तान कपिल देव की अपील के बाद बीसीसीआई ने गायकवाड़ के इलाज के लिए एक करोड़ रुपये देने का ऐलान किया था। गायकवाड़ ने भारत के लिए 40 टेस्ट और 15 वनडे मैच खेले हैं। वह अपने जमाने के बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल थे।