फिल्म कांतारा: चैप्टर 1 2 अक्टूबर को होगी रिलीज़
Jul 24, 2025
चेन्नई । पौराणिक कथाओं पर आधारित फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ आगामी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। इस खास मौके पर एक मेकिंग वीडियो जारी किया है। इस वीडियो के साथ फिल्म के निर्माण से जुड़ी हर उस भावना को दर्शाया गया है, जिसने इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक और दैवीय यात्रा बना दिया। प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स ने इस मेकिंग वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, शूटिंग पूरी... यात्रा शुरू! कांतारा की दुनिया की एक झलक। कांतारा: चैप्टर 1 हमारी संस्कृति से जुड़ा एक सफर है, जिसे समर्पण, कड़ी मेहनत और शानदार टीमवर्क ने जीवंत किया है। इस वीडियो में निर्देशक ऋषभ शेट्टी और उनकी टीम की तीन साल लंबी मेहनत को करीब से देखा जा सकता है।
ऋषभ ने बताया कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि एक सपना है, जिसमें उन्होंने अपनी भूमि, गांव और संस्कृति की कहानी दुनिया को बताने का प्रयास किया है। फिल्म की 250 दिन की लंबी शूटिंग के दौरान तमाम चुनौतियों के बावजूद उनका विश्वास अडिग रहा। कांतारा वर्ष 2022 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के साथ-साथ दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना प्राप्त की थी। ऋषभ शेट्टी की दमदार अदाकारी और निर्देशन ने इसे एक कल्ट फिल्म बना दिया। सुपरस्टार रजनीकांत ने इसे मास्टरपीस कहकर तारीफ की थी। फिल्म की कहानी स्थानीय संस्कृति, परंपरा और मान्यताओं से जुड़ी थी, जिसने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। अब ‘कांतारा: चैप्टर 1’ उस कहानी का प्रीक्वल है, जो कदंब वंश के शासनकाल पर आधारित है।
फिल्म की शूटिंग नवंबर 2023 में शुरू हुई थी और इसका पहला लुक 27 नवंबर को रिलीज किया गया था। अब दर्शक बेसब्री से 2 अक्टूबर का इंतजार कर रहे हैं, जब ये पौराणिक गाथा बड़े पर्दे पर जीवंत होगी।इस बार ऋषभ शेट्टी एक नागा साधु के किरदार में नजर आएंगे, जिनके पास अलौकिक शक्तियां होंगी। उन्होंने इस फिल्म की कहानी लिखने के साथ-साथ निर्देशन भी किया है। फिल्म में उनके साथ जयराम मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे और इसे विजय किरगंदुर ने प्रोड्यूस किया है।