
फिल्म घातक एक बार फिर आ रही थिएटर में
Mar 20, 2025
मुंबई । बालीवुड की सुपरहिट फिल्म घातक एक बार फिर थिएटर में आ रही हैं। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल की ‘घातक’ 21 मार्च 2025 को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होगी। इस बारे में सनी देओल ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “खुद को तैयार कर लो, क्योंकि कल्ट क्लासिक फिल्म आ रही है।
रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल के तहत घातक एक बार फिर स्क्रीन पर दिखेगी। 21 मार्च को सिनेमाघरों में इसका जादू चलेगा।” राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित ‘घातक’ पहली बार 8 नवंबर 1996 को दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। 6.2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 15.24 करोड़ और वर्ल्डवाइड 21.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसमें सनी देओल के दमदार अभिनय और डैनी डेन्जोंगपा के खतरनाक विलेन कातिया के किरदार को खूब सराहा गया था। सनी ने फिल्म में काशी का किरदार निभाया था, जो आज भी दर्शकों के दिलों में बसा हुआ है। ‘घातक’ की कहानी बनारस से मुंबई आए एक युवक पर केंद्रित है, जो अपने बीमार पिता के इलाज के लिए संघर्ष करता है।
अमरीश पुरी ने सनी देओल के पिता की भूमिका निभाई थी, जबकि मीनाक्षी शेषाद्रि उनकी प्रेमिका के रूप में नजर आई थीं। फिल्म का हाई-वोल्टेज एक्शन, दमदार संवाद और भावनात्मक गहराई ने इसे एक कल्ट क्लासिक बना दिया। खासकर, सनी और डैनी के बीच के संवाद दर्शकों को सिनेमाघरों में तालियां बजाने पर मजबूर कर देते थे। फिल्म का लोकप्रिय गाना ‘कोई जाए तो ले आए’ भी आज तक याद किया जाता है। घातक के दोबारा रिलीज होने के बाद, सनी देओल अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘जाट’ पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जो 10 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।