सवारियों से भरा ऑटो करीब 40 फीट नीचे बागमती नदी में गिरा, सवारियों में चीख-पुकार मची
May 28, 2024
दरभंगा । बिहार के दरभंगा में सवारियों से भरा एक ऑटो सड़क से करीब 40 फीट नीचे बागमती नदी में गिर गया। इस हादसे के बाद हड़कंप मच गया और सवारियों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ कई एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि ऑटो में करीब 12 लोग सवार थे सभी को बचा कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑटो में बैठे सभी 12 लोग एक ही परिवार के थे जो दरभंगा के करजपत्ती गांव के रहने वाले हैं जो बच्चे के मुंडन के लिए सतीस्थान आए थे। फिलहाल गोताखोर के द्वारा सर्च अभियान भी किया जा रहा है। एसडीओ विकास कुमार ने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को घायलों से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले पर ज्यादा जानकारी देते हुए विकास कुमार ने बताया कि एक ऑटो असंतुलित हो कर बागमती नदी में जा गिरा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रस्सी की मदद से लोगों को बाहर निकाला। परिजनों के अनुसार ऑटो में बारह लोग सवार थे और सभी घायल और सुरक्षित हैं। स्थानीय निवासी सावित्री देवी ने बताया कि वो घटना स्थल के पास पशु चरा रहीं थी। ऑटो अचानक पलटी मारता हुआ नदी में जा गिरा। उसने शोर मचाया और लोगों के साथ मदद के लिए दौड़ी।