चालक का दुस्साहस दिल्ली यूनिवर्सिटी की नाबालिग छात्रा से की छेड़छाड़

नई दिल्ली  दिल्ली विश्वविद्यालय की नाबालिग छात्रा से छेड़खानी करने वाले ऑटो रिक्शा चालक को उत्तरी जिला के सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला था। पुलिस टीम ने 100 से अधिक ऑटो का सत्यापन करने के बाद चालक को दबोच लिया। डीसीपी उत्तरी जिला मनोज कुमार मीणा के मुताबिक 15 सितंबर को एक नाबालिग लडकी की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में छेड़खानी व आठ पॉक्सो अधिनियम के तहत अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के एक कॉलेज की छात्रा है।

शिकायत में उसने बताया कि घटना वाले दिन सुबह 8:30 बजे आईएसबीटी बस स्टैंड से अपने कॉलेज तक यात्रा करते समय ऑटो चालक ने उसे अनुचित तरीके से छुआ था। घबराकर वह तुरंत बस स्टैंड के पास ऑटो से उतर गई थी। वह ऑटो का नंबर नोट नहीं कर पाई थी। अपराध की गंभीरता को देखते हुए एसीपी व एसएचओ राजीव कुमार के नेतृत्व में एसआई रचना, हवलदार शिव कुमार और रमेश आदि पुलिसकर्मियों की टीम ने इस पर लगातार काम किया और 100 से अधिक ऑटो का सत्यापन किया, क्योंकि पीड़िता कोई भी जानकारी नहीं दे पा रही थी, जिससे पुलिस को मदद मिल सके। वाहन या आरोपित चालक की पहचान कर सके।

निरंतर प्रयास के बाद सोमवार को आरोपित राजेश सिंह पुंडीर को सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजेश सिंह पुंडीर ने स्वीकार किया कि उसने लड़की की कमजोरी का फायदा उठाने के इरादे से उसे निशाना बनाया था।


Subscribe to our Newsletter