एशिया कप सात सितंबर से दुबई और अबू धाबी में खेला जाएगा !
Jul 24, 2025
मुम्बई । भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की बैठक में शामिल होने के लिए तैयार होने से अब एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की राह साफ हुई है। एक रिपोर्ट के अनुसार ये टूर्नामेंट 7 सितंबर से शुरु होने की संभावना है। टी20 प्रारुप में होने वाला ये टूर्नामेंट दो शहरों में खेला जा सकता है। इसका आयोजन दुबई और अबू धाबी में किये जाने की संभावना है। टूर्नामेंट की रूप रेखा तय की जा रही है पर ये साफ हो गया है कि है इस बार 8 टीमों के साथ ये टूर्नामेंट खेला जाएगा। इसमें सदस्य देशों के साथ ही एसीसी प्रीमियर कप के 3 विजेता भी रहेंगे।
पूर्ण सदस्य देशों की बात करें तो इसमें भारत के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की टीमें भी शामिल है जबकि एसीसी प्रीमियर कप के 3 विजेता यूएई, ओमान और हॉन्ग कॉन्ग थे। इस तरह कुल 8 टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली हैं। रिपोर्ट के अनुसार 7 सितंबर से 21 सितंबर तक एशिया कप 2025 खेला जा सकता है। टी20 विश्व कप 2026 को ध्यान में रखते हुए इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में होगा। पिछली बार एकदिवसीय विश्व कप का आयोजन बड़े प्रारुप में हुआ था। हाइब्रिड मॉडल के तहत तब पाकिस्तान और श्रीलंका में मैच आयोजित किए गए थे।