लाखों के मोबाइल की अफरा-तफरी का आठ साल से फरार आरोपी शहर में ही चला रहा था आटो रिक्शा

Feb 14, 2024

इन्दौर- आठ साल से फरार जिस आरोपी को पुलिस ढूंढ नहीं पा रही थी वह शहर में ही रहकर पिछले आठ सालों से रिक्शा चला रहा था। हालांकि अब पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। मामला तुकोगंज थाने का है और इन आठ सालों से फरार आरोपी इस थाने के सामने से भी हजारों बार अपना रिक्शा लेकर निकला होगा।  तुकोगंज पुलिस ने अब लाखों के मोबाइल अफरातफरी मामले में आठ साल से फरार एक हजार रुपए के इस इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जो कि आठ साल से शहर में ही रिक्शा चला रहा था।

बताया जा रहा है कि इस दौरान वह लगातार मकान बदल-बदलकर रहता था, जिसके चलते पुलिस के हाथ नहीं आ पा रहा था। तुकोगंज टीआई जितेंद्रसिंह यादव के अनुसार मुखबिर सूचना मिली थी कि तुकोगंज थाने में 2016 में दर्ज लाखों के मोबाइल की अफरा-तफरी के केस का आरोपी माजिद कुरैशी शहर में ही घूम रहा है। इस पर उन्होंने थाने के देवेंद्रसिंह, राहुल और राजीव को उसकी जानकारी जुटाने में लगाया था।

कल उनको पता चला कि वह माणिकबाग में रह रहा है। इस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। माजिद कुरैशी पहले खजराना क्षेत्र में रहता था। पुलिस ने उसके यहां कई बार छापा मारा, लेकिन वह नहीं मिला। इस पर उसके ऊपर एक हजार का इनाम रखा गया था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह तो शहर में ही है और रिक्शा चलाता है।


Subscribe to our Newsletter