टीसीएस 7-8 फीसदी तक बढ़ाएगा कर्मचारियों का वेतन
Mar 19, 2024
मुंबई । देश की प्रमुख आईटी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में इस बार विदेश में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में औसतन 7-8 फीसदी तक बढ़ोतरी करने जा रही है। दफ्तर में काम कर रहे कर्मचारियों का वेतन 2 से 4 फीसदी ही बढ़ने के आसार हैं। मगर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को कंपनी 12 से 15 फीसदी वेतन वृद्धि कर सकती है। टीसीएस में 31 दिसंबर, 2023 को 6,03,305 कर्मचारी काम कर रहे थे। सूत्रों ने बताया कि कंपनी प्रमोशन देने में बड़ा ध्यान रखेगी और यह कवायद नए वित्त वर्ष की पहली तिमाही के लिए भी टाली जा सकती है। वेतन में बढ़ोतरी 1 अप्रैल, 2024 से लागू हो जाएगी। इस योजना की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया कि वेतन बढ़ोतरी का काम करीब-करीब पूरा हो गया है। मगर प्रमोशन देने से पहले बहुत माथापच्ची की जा रही है।
शीर्ष स्तर पर प्रमोशन में ज्यादा विचार-विमर्श हो रहा है और इसमें कुछ समय लग सकता है क्योंकि प्रमोशन के बाद कर्मचारी पर खर्च बढ़ जाता है। इस बारे में भेजे गए ई-मेल पर टीसीएस के प्रवक्ता ने कहा कि यह हमारी नीति है कि हम अटकलों पर कुछ नहीं कहते। वित्त वर्ष 2024 के लिए कंपनी ने वेतन 6 से 9 फीसदी बढ़ाया था और शानदार काम करने वालों की तनख्वाह 12 से 15 फीसदी बढ़ाई गई थी। टीसीएस युवा प्रतिभा पर, कौशल विकास और नए कौशल सिखाने पर बहुत जोर दे रही है। पिछले साल कंपनी ने जूनियर स्तर पर आला दर्जे का काम करने वालों की पगार 10-11 फीसदी बढ़ाई थी और नए वित्त वर्ष में भी यही सिलसिला चलेगा।