भारत का पहला चिप फैब्रिकेशन यूनिट बना रहा टाटा! - विदेशी कर्मचारियों के लिए यहां बनेगा हाउसिंग कॉरिडोर

Sep 20, 2025

नई दिल्ली। गुजरात के धोलेरा में टाटा ग्रुप भारत का पहला सेमीकंडक्टर चिप फैब्रिकेशन यूनिट बना रहा है। इस हाई-टेक प्रोजेक्ट में जापान की टोक्यो इलेक्ट्रॉन लिमिटेड (टेल) और ताइवान की पीएसएमसी साझेदार हैं।

यह प्रोजेक्ट भारत को सेमीकंडक्टर उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। विदेशी सहयोगी कंपनियां अपने कर्मचारियों के लिए धोलेरा में निजी हाउसिंग कॉरिडोर विकसित करने की योजना बना रही हैं। इन टाउनशिप्स में जापानी और ताइवानी संस्कृति के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे कर्मचारी खुद को अपने देश जैसा माहौल महसूस कर सकें। यह हाउसिंग टाटा द्वारा बनाई जा रही यूनिट या सरकार की ग्लोबल टेंट सिटी से अलग होगी।

धोलेरा के मास्टर प्लान में इन विदेशी टाउनशिप्स के लिए विशेष ज़मीन चिन्हित की गई है। टेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अन्य देशों में उन्होंने ऐसा नहीं किया, लेकिन भारत में धोलेरा की नई शुरुआत को देखते हुए यह जरूरी है।इसके साथ ही मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट से धोलेरा की कनेक्टिविटी मजबूत होगी,

जिससे विदेशी और स्थानीय कर्मचारियों की आवाजाही आसान हो जाएगी। यह प्रोजेक्ट न केवल रोजगार और टेक्नोलॉजी लाएगा, बल्कि भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग में विदेशी निवेश को भी प्रोत्साहित करेगा। टेल और पीएसएमसी मिलकर कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण भी देंगी। धोलेरा जल्द ही भारत का पहला सेमीकंडक्टर स्मार्ट सिटी हब बन सकता है।


Subscribe to our Newsletter