जहरीली गैस से भरा टैंकर सड़क पर पलटा, ट्रैफिक जाम के बाद मची अफरा-तफरी

पुणे । महाराष्ट्र के पुणे में एक जहरीली गैस से भरा टैंकर सड़क पर पलट गया। इससे भारी अफरा-तफरी मच गई। ‎मिली जानकारी के अनुसार अत्यधिक ज्वलनशील और जहरीली गैस एथिलीन ऑक्साइड के रिसाव के बाद यह आपातकालीन स्थिति बनी। पुणे-अहमदनगर राजमार्ग पर वडगांव शेरी चौक के पास गैस ले जा रहा एक टैंकर पलट गया, जिससे बड़ी मात्रा में जहरीली गैस लीक हो गई। यह घटना आज तड़के हुई, जिससे स्वास्थ्य समस्याओं के खतरों के बीच फायर ब्रिगेड और पुणे पुलिस को जरूरी बचाव कार्रवाई में जुटना पड़ा। पुणे फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्हें सोमवार को लगभग 12.47 बजे एक निजी क्षेत्र की रासायनिक कंपनी द्वारा संचालित टैंकर से एक अत्यधिक ज्वलनशील, जहरीले और कैंसरकारी रसायन एथिलीन ऑक्साइड के रिसाव के बारे में एक कॉल मिली। इस मामले में फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने कहा कि रिसाव की गंभीरता, विस्फोट और जहरीले रसायन के जोखिम को ध्यान में रखते हुए आसपास के सभी दमकल केंद्रों से घटनास्थल पर फायर टेंडर तैनात करना शुरू कर दिया गया। 

शुरुआती जानकारी के मुताबिक टैंकर का संचालन रिलायंस पेट्रोकेमिकल्स द्वारा किया जाता है और इसके बारे में कंपनी के अधिकारियों को बता दिया गया। उन्होंने कहा कि दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचने के बाद उस जगह पर लगातार पानी का छिड़काव शुरू किया गया, जहां से रिसाव हो रहा है। हालां‎कि कंपनी की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। दमकल विभाग के रासायनिक आपातकालीन गाड़ियों के सुबह लगभग 8 बजे तक पहुंचने की उम्मीद थी। तब तक पानी का छिड़काव लगातार जारी रखने की योजना थी। स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट ने इलाके की घेराबंदी कर दी और यातायात को पुणे-अहमदनगर रोड और इलाके की कुछ संपर्क सड़कों पर मोड़ दिया गया। 



Subscribe to our Newsletter