टेट्रा पैक बेचने पर सुप्रीम कोर्ट चिंतित, इन पैकेट्स पर स्वास्थ्य चेतावनी तक नहीं

Nov 19, 2025

-जूस है क्या यह? ऐसे पैक बच्चों के लिए आसानी से उपलब्ध हो सकते हैं 

नई दिल्ली,। सुप्रीम कोर्ट ने शराब को जूस जैसे दिखने वाले टेट्रा पैक में बेचने पर चिंता जताई है। कोर्ट ने कहा कि यह पहली बार देखा है। जूस है क्या यह? ऐसे पैक बच्चों के लिए आसानी से उपलब्ध हो सकते हैं। देखने में भ्रामक होने के कारण यह अभिभावकों की नजरों से भी छूट सकता है। इन पैकेट्स पर तो स्वास्थ्य चेतावनी तक नहीं लिखी है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सभी सरकारें सिर्फ राजस्व कमाने के लिए इनकी बिक्री की अनुमति दे रही हैं। हालांकि कोर्ट ने कोई आदेश नहीं दिया। कोर्ट ने 2 शराब ब्रैड के बीच 20 साल से ज्यादा समय से चल रहे कानूनी विवाद पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि टेट्रा पैक में शराब बेचने से स्कूली बच्चों को आसानी से शराब मिल सकती है और इसकी पैकिंग देखने में शराब जैसी नहीं लगती, जिसके चलते माता-पिता को भी पता नहीं चलता। सरकार कैसे इसकी इजाजत दे सकती है।

सुप्रीम कोर्ट में यह मामला दो शराब कंपनियों के बीच कानूनी विवाद के चलते आया। जॉन डिस्टिलरीज ने मद्रास हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने ऑलाइड ब्लेंडर्स एंड डिस्टिलर्स के पक्ष में फैसला दिया था और जॉन डिस्टिलरीज को ‘ऑरीजनल चॉइस’ ट्रेडमार्क को हटाने का आदेश दिया था। कोर्ट ने सभी पक्षों की सहमति से ट्रेडमार्क का यह विवाद मध्यस्थता के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस एल नागेश्वर राव के पास भेज दिया। बेंच ने कहा कि जस्टिस राव तुरंत इस मामले पर काम शुरू करें और जल्द से जल्द समझौता करवाने की कोशिश करें।



Subscribe to our Newsletter