
आंधी-बारिश दिल्ली में 6 दिन के लिए अलर्ट
Jun 16, 2025
नई दिल्ली । दिल्ली के मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद दिल्ली वालों को भीषण गर्मी से राहत मिली। अब अगले 6 दिन और दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा राजस्थान में भी सोमवार बारिश की संभावना है। वहीं हरियाणा में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में मौसम ने करवट ने ली। यहां आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट आई। हालांकि सुबह तेज बारिश के बाद दिन में धूप खिलती हुई नजर आई। लेकिन तपाने वाली गर्मी से लोगों को निजात मिली। अब मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए फिर से बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली वालों को भीषण गर्मी से और राहत मिलने वाली है। क्योंकि अगले 6 दिन तक दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना है। आज, 16 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने अनुमान है। इसी तरह आगे भी दिल्ली के तापमान में गिरावट का अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। 16 और 19 जून को तमिलनाडु, तेलंगाना में बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
18 और 19 जून को केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 18 से 21 जून के दौरान कोंकण और गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र में अलग-अलग जगहों पर बारिश की संभावना है। 16 से 19 जून तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में बिजली कड़कने और बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। 16 से 20 जून के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, बिहार, झारखंड, ओडिशा में आंधी-तूफान चलने की संभावना है। इसके बाद 20 और 21 जून को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा में भारी बारिश का भी अलर्ट है। 16 से 21 जून के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।