शेयर बाजार गिरावट पर बंद
Mar 26, 2024
मुम्बई । घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट दर्ज की गयी। बाजार में ये गिरावट दुनिया भर से मिलेजुले रुख संकेतों के बीच ही बिकवाली हावी रहने से आई है। विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी से भी भारतीय बाजार पर दबाव पड़ा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट से भी बाजार नीचे आया। दिन भर के कारोबार के बाद तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स आज 361.64 अंक करीब 0.50 फीसदी टूटकर 72,470.30 पर बंद हुआ।वहीं इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ़्टी भी 92.05 अंक तकरीबन 0.42 फीसदी टूटकर 22,004.70 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में पावरग्रिड, भारती एयरटेल, विप्रो, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, इंफोसिस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे अधिक गिरे। बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर भी लाभ में रहे।
वहीं एशियाई बाजारों की बात करें तो जापान का टोक्यो नीचे आया जबकि सियोल और चीन का शंघाई और हांगकांग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाज़ार अधिकतर लाभ में रहे। वहीं अमेरिका का वॉल स्ट्रीट नीचे आया है। वहीं इससे पहले सोमवार को होली के अवसर पर भारतीय शेयर बाजार बंद रहे थे।
वहीं आज सुबह विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और अमेरिकी शेयर बाजारों में कमजोर रुख के बीच ही सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट आई। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स सुबह बाजार खुलने के साथ ही 468.91 अंक गिरकर 72,363.03 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी-50 149.2 अंक गिरकर 21,947.55 पर आ गया। सेंसेक्स की कंपनियों में पावरग्रिड, मारुति, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाइटन के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही जबकि बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक और टाटा मोटर्स लाभ पाने वालों में से थे।