खेल पंचाट ने विनेश की अपील खारिज करने का कारण बताया
Aug 20, 2024
वजन पर नियंत्रण खिलाड़ी की जिम्मेदारी
नई दिल्ली । खेल पंचाट ने पेरिस ओलंपिक में भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को संयुक्त रुप से रजत दिये जाने की याचिका खारिज किये जाने पर अपना जवाब दिया है। खेल पंचाट के अनुसार वजन पर नियंत्रण रखना खिलाड़ी की जिम्मेदारी है। पंचाट का कहना है कि उसके लिए सभी खिलाड़ी बराबर हैं और नियम भी पूरी तरह से स्पष्ट हैं। साथ ही कहा कि इस प्रकार के मामलों में किसी भी प्रकार की राहत देना संभव नहीं है। ऐसे में खिलाड़ियों को ही ये पक्का करना होगा कि वे अपने वजन को तय सीमा के अंदर रहें।
इससे पहले खेल पंचाट के तदर्थ पैनल ने विनेश को 100 ग्राम अधिक वजन के कारण फाइनल से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ की गयी अपील को खारिज कर दिया था। वहीं इस फैसले पर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने कड़ी प्रतिक्रिया जतायी थी। खेल पंचाट ने , ‘वजन सीमा के संबंध में नियम स्पष्ट हैं और सभी प्रतियोगियो के लिए समान हैं। इसके लिए ऊपरी सीमा में किसी भी प्रकार की कोई राहत प्रदान नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट रूप से खिलाड़ी की जिम्मेदारी है कि वह उस सीमा के अंदर रहे। इसमें कोई संदेह नहीं है कि आवेदक का वजन सीमा से अधिक था। उसका मामला यह है कि उसका वजन मात्र 100 ग्राम अधिक था और इसकी छूट मिलनी चाहिए क्योंकि ऐसा पानी पीने और विशेष रूप से मासिक धर्म से पहले के चरण के दौरान हो जाता है।’
विनेश को महिलाओं के 50 किग्रा फ्रीस्टाइल फाइनल के ठीक पहले अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उनकी अपील पर फैसला काफी समय बाद अया। अपनी अपील में विनेश ने मांग की थी कि उन्हें क्यूबा की पहलवान युसनेलिस गुजमैन लोपेज के साथ संयुक्त रजत पदक दिया जाए कयोंकि लोपेज सेमीफाइनल में उनसे हार गई थी।