स्पाइसजेट ने अतिरिक्त 316 करोड़ हा‎सिल ‎किए

Feb 22, 2024

मुंबई । विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने 316 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जुटा ली है, जिससे शेयर निर्गम के जरिए उसकी कुल जुटाई गई धनराशि 1,060 करोड़ रुपये हो गई है। संघर्षरत एयरलाइन में ताजा पूंजी निवेश हाल ही में अपने कार्यबल में 10 से 15 प्रतिशत की कटौती की घोषणा के बीच आया है। कंपनी ने बताया ‎कि स्पाइसजेट के निदेशक मंडल की तरजीही आवंटन समिति ने 21 फरवरी 2024 को एरीज़ अपॉर्चुनिटीज फंड लिमिटेड सहित दो निवेशकों को तरजीही आधार पर 4.01 करोड़ इक्विटी शेयर के आवंटन को मंजूरी दे दी। स्पाइसजेट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा ‎कि कंपनी ने कुल 1,060 करोड़ रुपये का निवेश जुटाया है। यह महत्वपूर्ण पूंजी निवेश स्पाइसजेट की विकास संभावनाओं में निवेशकों के विश्वास की पुष्टि करता है और भविष्य के लिए हमारी वित्तीय स्थिति को मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि अतिरिक्त वित्त पोषण से स्पाइसजेट को अपनी विस्तार योजनाओं को आगे बढ़ाने और अपनी परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी। विमान बेड़े की जानकारी रखने वाली एक वेबसाइट के अनुसार 21 फरवरी तक एयरलाइन के 65 विमान बेड़े में से केवल 35 विमान सेवा में थे।


Subscribe to our Newsletter