भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव में जेन-जी को जोड़ने विशेष अभियान

Aug 31, 2026

भोपाल । भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राजनीतिक रणनीति में जेन-जी यानी युवा पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर देने की तैयारी की है। पार्टी के राजनीतिक प्रस्ताव में युवाओं के बीच सक्रियता बढ़ाने,बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई है। इसके लिए युवा कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और स्थानीय स्तर के संवाद कार्यक्रमों से जोड़ने की योजना पर जोर दिया जा रहा है।

पार्टी की रणनीति में महिला, युवा और आदिवासी वर्ग को विशेष प्राथमिकता देने के साथ रोजगार और उद्योग को बढ़ावा देने के मुद्दे भी शामिल किए गए हैं। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने, नए उद्योगों को प्रोत्साहन देने तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर फोकस रहेगा।

मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को भी राजनीतिक प्रस्ताव में महत्वपूर्ण स्थान दिए जाने की चर्चा है। क्षेत्र में उद्योग, रोजगार, सिंचाई, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर संगठनात्मक स्तर पर अभियान चलाने की तैयारी है।

भाजपा का लक्ष्य बूथ समितियों को अधिक सक्रिय बनाकर नए मतदाताओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तक पहुंच बढ़ाना है। इसके लिए स्थानीय समस्याओं को समझकर युवाओं और महिलाओं के साथ सीधे संवाद को राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बनाने का प्रस्ताव पास किया गया है।





Subscribe to our Newsletter