आज़म ख़ान के यहां छापेमारी पर सपा नाराज, अखिलेश ने साधा सरकार पर ‎निशाना


लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के यहां हुई छापेमारी से सपा बेहद नाराज है। हालां‎कि उनके रामपुर स्थित आवास पर आयकर विभाग की करीब 60 घंटे तक चली छापेमारी की कार्रवाई समाप्त हो गई। इसे लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि आज तीन दिन बाद जाकर आज़म ख़ान साहब के यहां छापे ख़त्म हुए हैं। अवाम को समझ आ रहा है, जो उनके साथ हो रहा है वो किसी के साथ भी हो सकता है। जो हुक्मरान ये सोच रहे हैं कि ज़ुल्म से वो जीत जाएंगे तो उन्हें ये भी समझ लेना चाहिए कि हिंदुस्तान वो नायाब देश है जो दुश्मन के साथ भी नाइंसाफ़ी बर्दाश्त नहीं करता और वक़्त आने पर सच का ही साथ देता है। हर धर्म-मजहब से ऊपर उठकर सच्चे मनवालों की एकता और अमन की ताक़त ही आख़िर में जीतती रही है, और आगे भी जीतती रहेगी। यहां गौरतलब है कि आयकर विभाग ने तीन दिन तक समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर छापेमारी के बाद 800 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी का संदेह जताया है। 

आयकर अधिकारी, सुरक्षा बलों के साथ बुधवार सुबह सात बजे आजम खान के जेल रोड स्थित आवास में दाखिल हुए और शुक्रवार शाम सात बजे तक छापेमारी की। शुक्रवार शाम करीब सात बजे आयकर अधिकारियों के उनके आवास से जाने के बाद आजम खान ने कहा ‎कि यह आयकर विभाग की छापेमारी थी और वे लोग यहां तीन दिन तक रहे, उन्होंने तलाशी ली और सवाल पूछे। खान ने इससे आगे सवालों का पत्रकारों को जवाब देने से इनकार कर दिया। विभाग ने पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के कुछ परिसरों के अलावा उत्तर प्रदेश के रामपुर, सहारनपुर, लखनऊ, गाजियाबाद और मेरठ में छापेमारी की है। यह कार्रवाई खान और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा संचालित कुछ ट्रस्ट संगठनों से संबंधित है। 



Subscribe to our Newsletter