
बेटे ने थरूर से पूछा: किसी देश ने पहलगाम हमले में पाकिस्तान के शामिल होने के सबूत मांगे
Jun 06, 2025
वॉशिंगटन। वॉशिंगटन डीसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला और कहा कि पाकिस्तान तब तक इनकार करता है जब तक रंगे हाथों न पकड़ा जाए। यह बयान उन्होंने पहलगाम हमले पर पाकिस्तान की भूमिका को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में दिया। कार्यक्रम के दौरान थरूर से उनके ही बेटे ने सवाल किया कि क्या किसी देश ने भारत से पहलगाम हमले में पाकिस्तान के शामिल होने के सबूत मांगे थे। पाकिस्तान के बार-बार इनकार करने पर भारत का क्या जवाब था।
इस पर थरूर ने कहा कि ‘मुझे बहुत खुशी है कि आपने यह मुद्दा उठाया। मैंने यह सवाल खुद प्लांट नहीं किया है, मैं वादा करता हूं। थरूर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किसी ने भारत से सबूत की मांग नहीं की, लेकिन कुछ मीडिया संस्थानों ने जरूर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत ने अगर पाकिस्तान पर आरोप लगाया है तो वह बिना पुख्ता सबूत के ऐसा नहीं करता। हमारे पास ऐसे सबूत हैं जो हम साझा कर सकते हैं, और जिन्हें साझा किया भी गया है।थरूर ने अमेरिका को याद दिलाया कि उन्हें भी यह नहीं भूलना चाहिए कि ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान के एक सैन्य कैंप के पास एक सुरक्षित घर में छिपा था, और पाकिस्तान ने इसकी जानकारी होने से इनकार किया था।
उन्होंने इस पूरे मामले में अहम बिंदुओं की तरफ ध्यान दिलाते हुए कहा कि पिछले 37 वर्षों में भारत ने पाकिस्तान से कई बार आतंकी हमलों का सामना किया है, लेकिन पाकिस्तान हर बार इनकार करता रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक आतंकवादी रंगे हाथों न पकड़े जाएं, पाकिस्तान अपने हाथ झाड़ता रहता है। थरूर ने 26/11 हमलों की भी चर्चा की, जहां पाकिस्तान ने पहले अपनी भूमिका से इनकार किया था, लेकिन बाद में सबूतों के सामने झुकना पड़ा। थरूर का यह बयान न केवल पाकिस्तान की साख पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि भारत अब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद के मुद्दे पर पहले से अधिक मुखर और तथ्यों के साथ खड़ा है।