शीतलहर से 5 दिन बाद मिली थोड़ी राहत

Jan 18, 2024

नई दिल्ली । दिल्ली वासियों को बुधवार को शीत लहर से कुछ राहत मिली। पांच दिन बाद न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। इसमें लगभग दो डिग्री की वृद्धि देखने को मिली। पिछले पांच दिनों से यह तापमान 3.3 डिग्री से 3.9 डिग्री के बीच बना हुआ था, जबकि बुधवार को यह 5.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। अगले कई दिनों तक न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री के बीच ही बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 16 जनवरी तक लगातार दिल्ली में शीतलहर की स्थिति बनी रही। वर्ष 2023 में भी पांच से नौ जनवरी तक लगातार शीतलहर चली थी।

बीते वर्ष जनवरी माह में कुल आठ दिन शीतलहर रही थी, जबकि इस वर्ष जनवरी माह में पांच दिन शीतलहर चली। न्यूनतम तापमान में वृद्धि के साथ ही मौसम में भी सुधार देखने को मिला। हवा की गति तेज रहने के कारण ठंडक बनी रही, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से ठंड का असर कम देखने को मिला। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री रहा। वही सबसे कम अधिकतम तापमान 16 डिग्री मुंगेशपुर में दर्ज किया गया।


Subscribe to our Newsletter