बोलेरो से कई जगह शराब की डिलेवरी दे रहा तस्कर गिरफ्तार

Jun 25, 2025

भोपाल। खजूरी सड़क पुलिस ने देशी शराब से भरा एक पिकअप वाहन पकडऩे में सफलता हासिल की है। पुलिस से बचने के लिए चालक ने पहले पिकअप वाहन को दौड़ाकर भागने का प्रयास किया। लेकिन घेराबंदी होने पर वह खेत में कूदकर भागने की कोशिश करने लगा। टीम ने पीछा कर आखिरकार उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि शराब को ग्रामीण इलाके में सप्लाई करने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर शराब सहित वाहन जब्त कर लिया है। खजूरी सड़क पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब नौ बजे मुखबिर से सूचना मिली कि फन्दा की ओर से रसूलिया रोड की ओर एक पिकअप वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है।

खबर मिलते ही टीम ने नाकेबंदी शुरू की। पिकअप वाहन नजर आने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तब चालक ने वाहन की स्पीड बढ़ाते हुए भागने की कोशिश की। टीम ने उसका पीछा करते हुए आगे जाकर रोका तब पिकअप चालक गाड़ी से कूदकर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी 28 हजार कीमत की 8 पेटी देशी शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी चालक ने अपना नाम दीपेश मेवाड़ा (19) निवासी मंडी जिला सीहोर बताया है। आरोपी दीपेश मेवाड़ा ने आगे बताया कि पिकअपन वाहन उसी का है फन्दा टोल के आगे शुभम रैकवार नाम के व्यक्ति ने उसके वाहन को किराए पर लेते हुए 10 पेटी शराब लोड कराई थी। शुभम के कहने पर ही उसने फन्दा से निकलने के बाद रास्ते में दो पेटी शराब किसी व्यक्ति को दे दी थी। अवैध शराब की सप्लाई कहां और किस व्यक्ति को होना थी। इस सवाल के जवाब में चालक ने बताया कि शुभम का फोन करके उसे सप्लाई की जगह बताता लेकिन इसके पहले ही पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने आबकारी एक्ट का प्रकरण दर्ज कर वाहन और शराब जब्त कर ली है। पुलिस अवैध शराब लोड करवाने वाले शुभम रैकवार की तलाश कर रही है।


Subscribe to our Newsletter