शुभमन को ऋषभ के चौथे टेस्ट तक फिट होने की उम्मीद
Jul 15, 2025
लंदन । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल को उम्मीद है कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुरू होने वाले चौथे टेस्ट मैच में खेल सकेंगे। ऋषभ को लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान अपनी बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लग गयी थी। जिसो बाद उनकी जगह पर ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की थी। शुभमन ने कहा कि उनके स्कैन में कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई है, इससे हमें उनके फिट होने की उम्मीद है। । ऋषभ इस सीरीज में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने छह पारियों में 70.83 की औसत से 425 रन बनाए हैं। तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान जब 34वां ओवर चल रहा था, तब जसप्रीत बुमराह की लेग-साइड की एक गेंद को पकड़ने के प्रयास में उनकी उंगली में गेंद लग गई थी। जिसके बाद वह विकेटकीपिंग जारी नहीं रख सके। इस बल्लेबाज ने दोनों पारियों में नंबर पांच पर बल्लेबाजी की। पहली पारी में उन्होंने 74 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में वह 9 रन ही बना पाये। दूसरी पारी में बल्लेबाजी के दौरान वह सहज नहीं दिखे। शॉट खेलने के दौरान वह चोटिल हाथ को लगातार बल्ले से अलग कर ले रहे थे।
जब पंत क्रीज पर आए, तब भारत को जीत के लिए 135 रन और बनाने थे और छह विकेट शेष थे। जोफ्रा आर्चर की तेज गेंदबाजी के सामने वह पूरी तरह असहज दिखे और बार-बार बल्ले से अपना नीचे वाला हाथ हटा रहे थे। दिन के पांचवें दिन वह आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे, जब आर्चर की गेंद पर वह बोल्ड हो गये।