शुभमन विदेशी धरती पर जीत दर्ज करने वाले सबसे युवा भारतीय कप्तान बने
Jul 07, 2025
गावस्कर का रिकार्ड टूटा
बर्मिंघम । भारतीय क्रिकेट टीम के नये कप्तान शुभमन गिल ने यहां एजबेस्टन में भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 336 रनों की बड़ी जीत दिलाने के साथ ही कई रिकार्ड अपने नाम किये हैं। शुभमन अब विदेशी धरती पर सबसे कम उम्र में टेस्ट जीतने वाले कप्तान बन गये हैं। इसी के साथ ही उन्होंने सुनील गावस्कर का सबसे कम उम्र में विदेशी धरती पर टेस्ट जीतने का रिकार्ड भी तोड़ दिया। शुभमन ने 25 साल और 301 दिन की उम्र में भारतीय टीम को में 336 रनों की ऐतिहासिक जीत दिलाई, जो भारत की विदेशी धरती पर सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले गावस्कर ने साल 1976 में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 साल और 202 दिन की उम्र में कप्तानी में भारतीय टीम को जीत दिलाई थी।
गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की जीत के साथ ही विदेशी धरती पर सबसे बड़ी जीत का रिकार्ड भी टूट गया है। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 318 रन से जीत हासिल की थी। एजबेस्टन में भारतीय टीम की जीत में शुभमन ने पहली पारी में 269 और दूसरी पारी में 161 रन बनाए। इसके साथ ही वह टेस्ट इतिहास में एक ही मैच में 250 से अधिक और 150 से अधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले लीड्स में भी उन्होंने 147 रन बनाए थे। वहीं अब तक दो टेस्ट में शुभमन के 585 रन बने हैं और उनका औसत 146.25 का है।