श्रेयस अय्यर की फिर हुई उपेक्षा
Sep 09, 2024
मुम्बई । मध्य क्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है। दिलीप ट्रॉफी में श्रेयस ने अर्धशतक लगाया था पर इसके बाद भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। इससे साफ है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) का भरोसा वह हासिल नहीं कर पाये हैं। इससे पहले उन्हें श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की सिरीज में अवसर मिला था। उन्हें गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद एकदिवसीय में अवसर मिला पर वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये। गंभीर के टीम इंडिया के हेड कोच बनने से श्रेयस की उम्मीदें बढ़ गई थीं क्योंकि आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के मेंटर रहे गंभीर के मार्गदर्शन में श्रेयस ने केकेआर की कप्तानी करते हुए खिताब जीता था। दलीप ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा था कि उनकी टेस्ट टीम में वापसी हो सकती है पर ऐसा नहीं हुआ।
अय्यर ने दलीप ट्रॉफी के पहले मैच में पहली पारी में कप्तानी करते हुए केवल 9 रन बनाए थे पर दूसरी पारी में उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया। अय्यर ने पिछले सत्र में घरेलू क्रिकेट खेलने से इंकार कर दिया था जिसके बाद से ही वह बीसीसीआई के निशाने पर आ गये थे। अय्यर ने तब चोटिल होने की बात कही थी पर बोर्ड ने उसे नहीं माना और उन्हें सालाना अनुबंध से भी बाहर कर दिया।
ऐसे में साफ है कि उन्हें वापसी के लिए अभी इंतजार करना होगा।