शेयर बाजार तेजी के साथ बंद
Sep 13, 2022
निफ्टी 18,000 अंक के आंकड़े से ऊपर पहुंचा
मुंबई (ईएमएस)। मुम्बई शेयर बाजार मंगलवार को तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के दूसरे ही कारोबारी दिन विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीददारी और दुनिया भर के बाजारों में मिले अच्छे संकेतों से भी घरेलू शेयर बाजार उछला है। दिन भर के कारोबार के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 455.95 अंक करीब 0.76 फीसदी ऊपर आकर 60,571.08 अंक पर बंद हुआ। वहीं इसी प्रकार पचास शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 133.70 अंक तकरीबन 0.75 फीसदी बढ़कर 18,070.05 अंक पर बंद हुआ। इस साल निफ्टी पहली बार 18,000 अंक के आंकड़े से ऊपर पहुंचा है। आज कारोबार के दौरान आईटी और रियल्टी को छोड़कर निफ्टी के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी आई। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा उछाल निफ्टी मेटल में (1.28 फीसदी) दिखा है। इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (0.91 फीसदी), निफ्टी एफएमसीजी में (0.75 फीसदी), निफ्टी बैंक (0.74 फीसदी) और निफ्टी मीडिया (0.37 फीसदी) में भी तेजी रही।
आज निफ्टी पर बजाज फिनसर्व (4.74 फीसदी), टाटा कंज्यूमर (2.85 फीसदी), इंडसइंड बैंक (2.18 फीसदी), ब्रिटानिया (2.16 फीसदी) और भारती एयरटेल (1.88 फीसदी) सबसे ज्यादा लाभ वाले शेयर रहे। वहीं नुकसान वाले शेयरो में श्रीराम सीमेंट (-0.85 फीसदी), सिपला (0.72 फीसदी), आयशर मोटर्स (-0.54 फीसदी), डीवीज लैब (-0.53 फीसदी) और बीपीसीएल (-0.47 फीसदी) रहे। इसके अलावा टीसीएस के शेयर में सबसे अधिक 0.37 फीसदी की गिरावट रही। इससे पहले आज सुबह से ही बाजार तेजी के साथ खुला और समय के साथ ही यह तेजी बढ़ती गयी। वहीं एशिया के अन्य बाजारों की बात करें तो चीन का शंघाई कंपोजिट, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मजबूती के साथ बंद हुआ जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नीचे आया है।