शाहिद अफरीदी ने पिच और टीम चयन पर उठाये सवाल

रावलपिंडी । पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने बांग्लादेश के खिलाफ टीम की करारी हार पर नाराजगी जतायी है। पाक टीम को यहां पहले ही टेस्ट मैच में मेजबान टीम के हाथों में 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में पाक टीम ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट पर 448 रन बनाकर उसे घोषित कर दिया गया था जबकि बांग्लादेश ने 565 रन बनाकर पहली पारी में बड़ी बढ़त बनाई और फिर दूसरी पारी में पाक टीम को 146 रनों पर समेट दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 30 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया था। वहीं अफरीदी ने कहा कि टीम की हालत पता होने पर भी जो पिच बनायी गयी वह नुकसानदेह रही। इससे टीम को घर में ही शर्मनाक हालात झेलने पड़े। 

बांग्लादेश ने पहली बार पाक को उसी के घर में हराया है। अफरीदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि पिच और अंतिम ग्यारह के चयन में गलती थी। 

अफरीदी ने कहा, 10 विकेट से मिली हार के बाद पिच तैयार करने को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। चार तेज गेंदबाज को क्यों रखा और बिना किसी विशेषज्ञ स्पिनर के टीम टेस्ट मैच में खेलने क्यों उतरी। यह सब साफ बता रहा है कि आपको अपने घरेलू हालातों के बारे में पता ही नहीं था। साथ ही कहा कि आप बांग्लादेश से उसकी जीत का श्रेय नहीं छीन सकते क्योंकि इस टेस्ट मैच के दौरान उन्होंने जिस तरह का खेल दिखाया वह शानदार रहा। इस मैच में पाक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मोहम्मद रिजवान के 171 और साउद के 141 रन की सहायता से 6 विकेट पर 448 रन बनाए थे। 


Subscribe to our Newsletter