सेंसेक्स 796 और निफ्टी 232 अंक टूटा, लाल रंग पर बंद हुआ बाजार विदेशी बाजार से मिले नकारात्मक रुझानों का दिखा असर
Sep 20, 2023
मुंबई । विदेशी बाजार से मिले नकारात्मक रुझानों के बीच हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन बुधवार को घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन लाल निशान पर बंद हुए। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दिखी गई। बुधवार के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 796 अंक टूट गया। वहीं, निफ्टी में भी 232 अंकों की गिरावट आई और निफ्टी 20,000 के स्तर से नीचे आ गया। बता दें कि मंगलवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर बाजार बंद थे।
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर निर्णय से पहले घबराहट और भारत और कनाडा के बीच बिगड़ते संबंधों के बीच बाजार की धारणा प्रभावित हुई, क्योंकि इनका भारत में विदेशी संस्थागत निवेश के प्रवाह पर असर पड़ सकता है। विदेशी कोषों की निकासी तथा सेंसेक्स में भारी हिस्सेदारी रखने वाले रिलायंस और एचडीएफसी बैंक के शेयर में बिकवाली से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 796.00 अंक की भारी गिरावट के साथ 66,800.84 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 67,294.16 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 66,728.14 तक आया। वहीं, दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी में भी 231.90 अंक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी दिन के अंत में 19,901.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 20,050.65 की ऊंचाई तक गया और नीचे में 19,878.85 तक आया।
जहां बुधवार के कारोबार में सेंसेक्स के शेयरों में केवल 7 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, सन फार्मा, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी सेंसेक्स के टॉप 5 गेनर्स साबित हुए। सबसे ज्यादा मुनाफा पावर ग्रिड के शेयरों को हुआ। इसके शेयर 2.32 फीसदी तक चढ़े। इसके अलावा आईटीसी और टीसीएस के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं, दूसरी तरफ सेंसेक्स के शेयरों में 23 शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
एचडीएफसी बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, रिलायंस, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील सेंसेक्स के टॉप 5 लूजर्स रहे। सबसे ज्यादा नुकसान एचडीएफसी बैंक के शेयरों को हुआ। इसके शेयर करीब 4 फीसदी तक गिर गए।