बाजार में सेंसेक्स 742.06 और निफ्टी 231.90 अंक उछलकर बंद

Nov 15, 2023

   स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 742 की बढ़ी बढ़त के साथ बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच अमेरिका में महंगाई के अनुकूल आंकड़ों के साथ घरेलू बाजारों में उछाल आया। अमेरिका में मुद्रास्फीति को लेकर रिपोर्ट उत्साहजनक होने से केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा नीतिगत दर में और वृद्धि नहीं करने की संभावना बढ़ी है। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 742.06 अंक उछलकर 65,675.93 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह एक समय 813.78 अंक तक चढ़ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 231.90 अंक बढ़कर 19,675.45 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, इंफोसिस, विप्रो, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। वहीं नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और पावर ग्रिड शामिल हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81.83 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर में चार माह के निचले स्तर 4.87 प्रतिशत पर आ गई। मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं के दाम में नरमी से महंगाई कम हुई है। वहीं थोक मुद्रास्फीति में लगातार सातवें महीने गिरावट आई और यह शून्य से 0.52 प्रतिशत नीचे रही।



Subscribe to our Newsletter