सहवाग, द्रविड के बेटे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धूम मचाने तैयार

अंडर-19 एकदिवसीय और लाल गेंद सीरीज के लिए टीम घोषित 

मुम्बई । भारतीय टीम के दिग्गज पूर्व क्रिकेटरों वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 क्रिकेट में धूम मचाने के लिए तैयार हैं। इन दोनो के ही बेटों का चयन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की अंडर-19 एकदिवसीय सीरीज के लिए किया गया है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की  जूनियर पुरुष चयन समिति ने इस घरेलू दौरे के लिए टीमें घोषित कर दी है। इस बार टीम पर सबकी नजरें रहेंगी क्योंकि दो महान खिलाड़ियों के बेटे भी इस बार राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए उतरेंगे। 

यह महत्वपूर्ण घरेलू सीरीज राजकोट में 18, 21 और 23 सितंबर को खेले जाने वाले तीन 50 ओवर के मैचों के साथ शुरू होगी। इसके बाद, राजकोट में ही 27 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय लाल गेंद वाला पहला मैच खेला जाएगा। वहीं दूसरा लाल गेंद वाला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 5 से 8 अक्टूबर तक खेला जाएगा। यह कार्यक्रम युवा खिलाड़ियों को विभिन्न प्रारूपों में अपनी क्षमता साबित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने का एक शानदार अवसर प्रदान करेगा।

50 ओवर के मैचों के लिए उत्तराखंड के बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि मध्य प्रदेश के यशबर्धन चौहान उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे।

वहीं लाल गेंद वाले मैचों में कप्तानी यशबर्धन चौहान संभालेंगे और लक्ष्य रायचंदानी उनके उप-कप्तान होंगे। यह रणनीति खिलाड़ियों को विभिन्न प्रारूपों में नेतृत्व का अनुभव प्रदान करने और उनकी बहुमुखी प्रतिभा को परखने के उद्देश्य से अपनाई गई है, जिससे भविष्य के लिए एक बेहतर टीम तैयार की जा सके।

इसमें सहवाग के बेटे लेग स्पिन ऑलराउंडर आर्यवीर सहवाग को 15 सदस्यीय एकदिवीसय टीम में जगह मिली है हालांकि वह बहुदिवसीय मैचों के लिए चुनी गई टीम का हिस्सा नहीं हैं। आर्यवीर अभी साल 2026 दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेल रहे हैं। 

वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ भी एकदिवसीय टीम में शामिल हैं पर तीन दिवसीय मुकाबलों की लाल गेंद वाली टीम में उनका नाम नहीं है। अन्वय ने जुलाई में श्रीलंका दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम के लिए दो 50 ओवर के मैचों में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 101 रन बनाए थे। 

आर्यवीर और अन्वय के अलावा, 50 ओवर के मैचों के लिए मनल चौहान और चिगुरुपति वेंकट को टीम में शामिल किया गया है, जबकि सागर विर्क, अनमोलजीत सिंह और ईशान सूद को बाहर रखा गया है। बहु-दिवसीय खेलों की टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज अभिप्रय बिस्वास, ईशान ओम, अयान अकरम, मोहित उलवा और आर्यन यादव को शामिल किया गया है, उनकी जगह कुछ खिलाड़ियों को बाहर किया गया है, ]

जो टीम में निरंतर बदलाव और नई प्रतिभाओं को मौका देने की नीति को दर्शाता है। यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दिशा में एक अहम मंच होगी।

एकदिवसीय मैचों के लिए भारत की अंडर-19 टीम : लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल है।

तीन -दिवसीय मुकाबलों के लिए भारत की अंडर-19 टीम :  यशबर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय विश्वास (विकेटकीपर), रोहित यादव, इशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव है। 




Subscribe to our Newsletter