सिकंदराबाद के होटल में लगी आग से मरने वालों में दिल्ली के 2 लोग, 3 की पहचान शेष
Sep 13, 2022
तेलंगाना के सिकंदराबाद में एक होटल में स्कूटर चार्ज करते समय भभकी आग में जान गंवाने वालों की पहचान करने में पुलिस जुटी है। इस घटना में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें से 2 दिल्ली, 2 चेन्नई और 1 विजयवाड़ा के रहने वाले बताए गए हैं। अन्य 3 मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हैदराबाद नार्थ डीसीपी चंदना दीप्ति ने बताया कि आग बीती रात करीब 9:30 बजे लगी। होटल के बेसमेंट में इलेक्ट्रिक व्हीकल का शोरूम है, जहां कई इलेक्ट्रिक बाइक खड़ी थीं। आग किन वजहों से लगी, इस बारे में अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। घटना में 8 लोगों की मौत हो गई है और कुछ अस्पताल में भर्ती हैं। मामला दर्ज किया गया है।
तेलंगाना के गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली ने मंगलवार सुबह उस होटल का दौरा किया जहां कल रात आग लगी थी। उन्होंने कहा कि घटना में 8 लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई, अन्य 7 अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। सीएम के चंद्रशेखर राव ने मृतकों के परिजनों को 3 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले हैदराबाद कमिश्नर सीवी आनंद ने बताया था कि होटेल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित इलेक्ट्रिक स्कूटर शोरूम के रिचार्जिंग यूनिट में यह आग लगी थी।
बकौल कमिश्नर धुएं से पहली और दूसरी मंजिल पर रह रहे लोगों का दम घुटने लगा। उन्होंने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने कुछ लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। रूबी होटल में कुल 23 कमरे हैं, जो सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से करीब ही स्थित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताया है और मुआवजे की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘तेलंगाना के सिकंदराबाद में आग लगने से हुई लोगों की मौत से दुखी हूं, शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजन को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा। घायलों को 50,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा।’