ई-रिक्शा में लगी आग से झुलसे दूसरे शख्स की इलाज के वक्त मौत
Sep 20, 2023
नई दिल्ली । पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में चलते ई-रिक्शा में बैटरी फटने से आग में झुलसे दूसरे शख्स की भी मंगलवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृत व्यक्ति की पहचान पुष्पराज के रूप में हुई है। आग में इनकी पत्नी ओमी देवी भी झुलसी थी, जिनकी हादसे वाले दिन ही मौत हो गई थी। ई-रिक्शा में आग में झुलसे मरने वालों की संख्या दो हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पुष्पराज का शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आरोपित रिक्शा चालक रतनलाल को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुष्पराज अपने परिवार के साथ प्रताप नगर में रहते थे। परिवार में पत्नी ओमी देवी, व बेटी तन्नू और बेटा देव है। पुष्पराज अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश स्थित गढ़गंगा जाने के लिए घर से निकले थे। दंपती ने मंडोली चुंगी से शाहदरा जाने के लिए ई-रिक्शा लिया था। रिक्शे में पहले से सबोली निवासी गौरव नाम का यात्री बैठा हुआ था। रिक्शा तीनों सवारियों को लेकर निकला। पुलिस को दी गई शिकायत में गौरव ने कहा था कुछ दूर चलते ही रिक्शे से दुर्गंध आने लगी थी। उसने रिक्शा चालक से रिक्शे की जांच करने को भी कहा था।
आरोप है कि चालक ने ध्यान नहीं दिया। नंद नगरी डिस्पेंसरी के पास पहुंचते ही रिक्शे की बैटरी फट गई, जिससे रिक्शे में आग लग गई। चालक मौके से फरार हो गया। आग की चपेट में आकर दंपती व गौरव झुलस गए। पुलिस ने तीनों को जीटीबी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया, जहां महिला की मौत हो गई। पुष्पराज को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।