सिंधिया उज्जैन उत्तर विधानसभा से लड़ सकते हैं चुनाव
Oct 04, 2023
- भाजपा और दो और केन्द्रीय मंत्रियों को चुनाव लड़ाने की तैयारी
भोपाल भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में एंटी कम्बेंसी से निपटने, कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने और प्रदेश में पांचवीं बार सत्ता हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसके लिए भाजपा तीन केंद्रीय मंत्रियों के बाद दो और केंन्द्रीय मंत्रियों को विधानसभा चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। इसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उज्जैन की उत्तर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारे जाने की चर्चा है। हालांकि यह भाजपा प्रत्याशियों की अगली सूची आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
भाजपा की प्रत्याशियों की दूसरी सूची में तीन केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा जा चुका है। इनमें नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते शामिल हैं। इसके बाद मोदी सरकार में प्रदेश के दो मंत्रियों को भी टिकट दिए जाने की अटकलें चल रही है। इनमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और वीरेंद्र खटीक के नाम शामिल हैं। सिंधिया के खास समर्थक पूर्व विधायक राजेंद्र भारती का कहना है कि यदि भाजपा सिंधिया को विधानसभा चुनाव लड़ाती है, तो उनके लिए उज्जैन की उत्तर विधानसभा सीट सबसे अनुकूल होगी। बताते हैं कि जब श्रीमंत सिंधिया कांग्रेस में थे, तब उज्जैन से एक टिकट उनके खाते में जाता था। हालांकि उज्जैन उत्तर विधानसभा से और भी नेता दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में श्रीमंत का नाम भी भाजपा की तरफ से कार्यकर्ताओं ने भाजपा हाईकमान के सामने रखा है।
उज्जैन से खास रिश्ता है सिंधिया का
हम बता दें कि उज्जैन से सिंधिया परिवार का पुश्तैनी रिश्ता है। इसके साथ सिंधिया परिवार का यहां के लोगों से गहरा जुड़ाव रहा है। भगवान महाकाल की आखिरी सवारी में पूजा के लिए सिंधिया परिवार का एक न एक सदस्य जरूर शामिल होता है। इसके अलावा भगवान महाकाल के सेनापति काल भैरव की पगड़ी भी सिंधिया स्टेट से ही आती रही है।