एसबीआई ने आरकॉम के लोन को बताया फ्रॉड!
Jul 02, 2025
मुंबई । देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने दूरसंचार कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) के लोन खाते को धोखाधड़ी करार दिया है। साथ ही बैंक ने कंपनी के पूर्व निदेशक अनिल अंबानी का नाम भारतीय रिजर्व बैंक को रिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जानकारी रिलायंस कम्युनिकेशंस ने हाल ही में एक नियामकीय फाइलिंग के जरिए दी। एक रिपोर्ट के अनुसार 23 जून 2025 को भेजे गए एक पत्र में एसबीआइ ने कहा कि उसकी फ्रॉड आइडेंटिफिकेशन कमेटी ने आरकॉम के खाते को फ्रॉड घोषित करने का निर्णय लिया है।
एसबीआइ ने यह फैसला रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड और अन्य समूह कंपनियों के जरिए संभावित फंड डायवर्जन और लोन शर्तों के उल्लंघन के आधार पर लिया है। एसबीआई की यह कार्रवाई आरकॉम की कॉर्पोरेट इनसॉल्वेंसी रेजोल्यूशन प्रोसेस (सीआईआरपी) शुरू होने से पहले के कर्ज से जुड़ी है।