कम वसूली करने तथा बड़े बकायादारों के विरूद्ध कार्यवाही न करने पर 07 वार्ड प्रभारियों का वेतन कटेगा
Feb 19, 2025
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन द्वारा राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए दिए निर्देश
रियायत का लाभ लेने व अधिभार से बचने हेतु शीघ्रता से करों का भुगतान करने की निगम प्रशासन ने की अपील
भोपाल । नगर निगम द्वारा संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित राजस्व की अन्य मदों में करो एवं शुल्कों की वसूली हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है और निगम अ मले द्वारा व्यापक पैमाने पर प्रयास भी किये जा रहे हैं। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी राजस्व वसूली की निरंतर मॉनीटरिंग भी कर रहे हैं और प्रतिदिन वसूली एवं बकायादारों के विरूद्ध कार्यवाही की समीक्षा भी की जा रही है। निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन द्वारा मंगलवार को समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्यों से अत्यंत कम वसूली करने व पूर्व में दिए गये निर्देशो अनुसार बड़े बकायादारों के विरूद्ध कार्यवाही न करने वाले 07 वार्ड प्रभारियों का 05-05 दिवस का वेतन काटने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए साथ ही निगम आयुक्त ने राजस्व वसूली हेतु और अधिक व्यापक पैमाने पर करदाताओं से संपर्क करने और करों का भुगतान न करने वालों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। निगम आयुक्त नारायन के निर्देश पर कम वसूली करने व पूर्व में दिए गये निर्देशो अनुसार बड़े बकायादारों के विरूद्ध कार्यवाही न करने वाले वार्ड क्रमांक 13, 15, 16, 24, 29, 30 एवं वार्ड क्रमांक 46 के वार्ड प्रभारियों का वेतन काटने की कार्यवाही की जा रही है।
निगम प्रशासन ने शहर के सभी करदाताओं से अपील की है कि अब चालू वित्तीय वर्ष की समाप्ति में मात्र 41 दिन का समय शेष है, ऐसे में अंतिम दिनांक का इंतजार न करें, अपने निगम को देय करों का भुगतान शीघ्रता से करें और स्वयं की उपयोग की संपत्ति पर मिलने वाली 50 प्रतिशत की रियायत का लाभ उठायें तथा चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 के संपत्तिकर पर लगने वाले अधिभार से भी बचें। स्वयं के उपयोग की आवासीय संपत्ति पर संपत्तिकर में 50 प्रतिशत की रियायत 31 मार्च 2025 तक चालू वित्त वर्ष का संपत्तिकर जमा करने पर ही दी जायेगी इसके उपरांत स्वयं के उपयोग के आवासीय संपत्ति पर दी जाने वाली रियायत खत्म कर दी जायेगी और करदाताओं को दुगुना कर देना पड़ेगा। इसी प्रकार चालू वित्तीय वर्ष का संपत्तिकर फरवरी माह में जमा करने पर 06 प्रतिशत अधिभार देना होगा तथा मार्च में यह अधिभार 03 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 09 प्रतिशत हो जायेगा।
निगम प्रशासन द्वारा करदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत प्रत्येक कार्य दिवस व अवकाश के दिनों में भी सभी वार्ड कार्यालय प्रातः 09: 00 बजे से सांय 06:00 बजे तक खुले रखे जा रहे हैं और नागरिकों को करों की राशि का भुगतान करने की सुविधा दी जा रही है।