अजरबैजान के हमलों में 49 आर्मीनियाई सैनिकों की मौत
Sep 13, 2022
आर्मीनिया के प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कहा कि रात में किए गए अजरबैजान के हमलों में 49 आर्मीनियाई सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि अजरबैजान का कहना है कि उसने आर्मीनिया के हमलों के जवाब में कार्रवाई करते हुए हमले किए। आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान ने संसद में कहा आजरबैजान के बलों ने करीब छह स्थानों पर हमले किए।
इस बीच, अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा कि आर्मीनियाई बलों ने देश के तीन जिलों में सेना की चौकियों पर गोलीबारी की और आर्मीनियाई हमलावरों ने इन क्षेत्रों में बारुदी सुरंगें बिछाईं। उसने कहा कि आजरबैजान के बल अनिर्दिष्ट संख्या में हताहत हुए और कड़ी जवाबी कार्रवाई की गई। अजरबैजान और आर्मीनिया के बीच नागोर्नो-काराबाख को लेकर दशकों से संघर्ष चल रहा है। नागोर्नो-काराबाख आजरबैजान का हिस्सा है, लेकिन यह 1994 में एक अलगाववादी युद्ध समाप्त होने के बाद से आर्मीनिया द्वारा समर्थित बलों के नियंत्रण में है। दोनों के बीच 2020 में छह सप्ताह तक चले युद्ध में 6,600 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।