रूस ने यूक्रेन पर 55 एयरस्ट्राइक की,11 की मौत

 43 से ज्यादा लोग घायल; 70 ग्लाइड बम दागे

कीव।  रूस ने पिछले 24 घंटों में यूक्रेन पर 55 बार एयरस्ट्राइक की है। जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 43 से ज्यादा लोग घायल हो गए।  रूसी सेना ने यूक्रेन की अलग-अलग जगहों पर 6 रॉकेट और 70 से ज्यादा ग्लाइड बम से हमला किया। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक रूसी सेना रातभर से रुक-रुक कर हमले कर रही है। उन्होंने उत्तरी यूक्रेन में बिजली के प्लांट पर हमला किया, जिससे 1 लाख से ज्यादा लोग बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं।

अधिकारियों के मुताबिक रूस के हमलों के बीच बिजली को बहाल करना मुश्किल हो रहा है। रूसी सैनिक ड्रोन से पानी के टैंक को भी निशाना बना रहे हैं। वहीं यूक्रेनी सेना ने कहा कि उसने 27 में से 24 रूसी ड्रोनों को मार गिराया। देश में सबसे ज्यादा नुकसान पूर्वी क्षेत्रों में हुआ है।

कुछ दिनों तक हमले जारी रहने की चेतावनी

यूक्रेनी सेना ने पूरे इलाके में कुछ दिनों तक ऐसे हमले जारी रहने की चेतावनी जारी की है। यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने बताया कि शनिवार को यूक्रेनी और रूसी सेनाओं के बीच 45 बार आमने-सामने से भिडंत हुई है। इसके कुछ ही घंटों बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने पूर्वी यूक्रेन में 30 किलोमीटर तक कब्जा कर लिया है। यूक्रेनी सेना ने बताया कि रूस चासिव यार में कब्जा करना चाहता है। ये इलाका ऊंचाई वाला अगर इस इलाके पर रूस ने कब्जा कर लिया तो उसे आसानी से बढ़त मिल जाएगी।

रूस-यूक्रेन के बीच 2 साल से ज्यादा समय से जंग जारी

24 फरवरी 2022 को शुरू हई रूस-यूक्रेन जंग को 2 साल से ज्यादा समय बीत चुका है। यूक्रेन के नाटो में शामिल होने की जिद के चलते व्लादिमिर पुतिन ?ने उस पर हमला किया था। पुतिन इस जंग को मिलिट्री ऑपरेशन बताते हैं। जंग में अब तक 40 लाख से ज्यादा यूक्रेनी नागरिकों को देश छोडऩा पड़ा है। ये लोग अब अन्य देशों में रिफ्यूजी की तरह रह रहे हैं। 65 लाख से ज्यादा यूक्रेनी देश में ही बेघर हो गए हैं। यूक्रेन के 10 हजार आम नागरिकों की मौत हुई है, जबकि 18,500 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन का दावा है कि रूस 3.92 लाख सैनिक गंवा चुका है। इस बीच अमेरिका ने रूस की 500 रूसी कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिए था। इधर, रूस ने भी यूरोपियन यूनियन की कई कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिए थे।


Subscribe to our Newsletter