रुपया सपाट स्तर पर खुला
Jan 25, 2024
मुंबई । घरेलू शेयर बाजारों में नरम रुख के बीच रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सपाट रुख के साथ खुला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, मजबूत अमेरिकी मुद्रा और विदेशी संस्थागत निवेशकों के निरंतर बिकवाल रहने की वजह से रुपया एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.13 प्रति डॉलर पर खुला और 83.11 प्रति डॉलर के उच्च स्तर पर पहुंच गया।
इसके बाद 83.14 प्रति डॉलर पर फिसल गया। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.12 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत बढ़त के साथ 103.22 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80.29 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।