रोटरी रॉयल गुना का सेवा कार्य जारी, भोपाल के दो दिव्यांगों को लगाए कृत्रिम हाथ

May 23, 2025

गुना |     सेवा, समर्पण और सहानुभूति की मिसाल बन चुका रोटरी क्लब गुना रॉयल एक बार फिर अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए दो दिव्यांगजनों के जीवन में आशा की नई किरण लेकर आया। क्लब के स्थायी प्रकल्प एलएन-4 प्रोस्थेटिक हैंड के तहत मंगलवार को भोपाल जिले के मजीदगढ़ से आए दो दिव्यांग साथियों को कृत्रिम हाथ लगाए गए। रूपसिंह राजपूत और अकेट सिंह राजपूत ने बताया कि कुछ समय पूर्व बिजली करंट लगने की दर्दनाक घटना में दोनों के हाथ कट गए थे। इसके बाद उनका जीवन अनेक परेशानियों से भर गया। तभी एक रिश्तेदार के माध्यम से उन्होंने रोटरी रॉयल गुना के एक बैनर को देखा, जिसमें एलएन-4 हैंड प्रकल्प की जानकारी दी गई थी।

यह जानकारी उनके लिए आशा की एक नई किरण बनकर सामने आई। दोनों ने रोटेरियन अमित ठाकुर से संपर्क किया और गुना आने का निर्णय लिया। आज जब दोनों को कृत्रिम हाथ लगाए गए, तो उनके चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी साफ दिखाई दे रही थी। इस अवसर पर रोटरी क्लब गुना रॉयल के प्रोस्थेटिक हैंड अध्यक्ष अजीताभ श्रीवास्तव, अमित ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष पंकज जैन, सोनू पाटनी, सुयश देव एवं अभिजीत गोयल उपस्थित रहे। सभी ने दोनों लाभार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।  -  


Subscribe to our Newsletter