ऋषभ भविष्य में धोनी और रोहित जैसे सफल कप्तान बनेंगे : गोयनका
Jan 21, 2025
नई दिल्ली । लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने ऋषभ पंत को अपनी टीम का नया कप्तान बनने के एक दिन बाद ही उनकी जमकर प्रशंसा की है। गोयनका ने कहा है कि आने वाले समय में ऋषभ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सबसे सफल कप्तानों में शामिल रहेंगे। यहां तक कि उनका नाम महेन्द्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के साथ लिया जाएगा। सुपर जायंट्स ने मेगा नीलामी में ऋषभ को आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। वह इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान थे। उनकी कप्तानी में दिल्ली 43 मैचों में से 24 में जीती जबकि 19 में उसे हार का सामना करना पड़ा। इस प्रकार उनकी कप्तानी में टीम का जीत प्रतिशत 56 रहा है। वहीं, धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स और रोहित की कप्तानी में मुम्बई इंडियंस ने पांच-पांच बार आईपीएल खिताब जीता है। जबकि रोहित ने भी यही उपलब्धि हासिल की है, लेकिन मुंबई इंडियंस के साथ।
गोयनका ने कहा कि मेरे अनुसार ऋषभ अगले 12 से 15 साल तक खेलेंगे। लोग कहते हैं कि मुम्बई और सीएसके अधिक सफल हैं पर एक दशक के बाद विजेता कप्तानों की इस सूची में धोनी और रोहित के साथ ऋषभ भी जुड़ जाएंगे। वह आईपीएल का सबसे सफल ही नहीं सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी बनेगा। मैंने उसके जैसा जुनून और जीतने की भूख वाला खिलाड़ी नहीं देखा है।
अब देखना है कि ऋषभ इस पर कितने खरे उतरते हैं क्योंकि कप्तानी के अलावा सबसे बड़ी रकम मिलने से भी उनपर अतिरिक्त दबाव होगा। पिछले संस्करणों में देखा गया था कि अधिक कीमतों वाले खिलाड़ियों पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव भारी पड़ा और वे असफल रहे थे। वहीं गोयनका का इस इसमें में अलग रुख है। उनके अनुसार नीलामी समाप्त होने पर लागत के बारे में बातचीत समाप्त हो गई। प्रत्येक टीम ने 120 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। ऐसे में ये जरुरी नहीं है कि आप एक खिलाड़ी या बाकी पर कितनी खर्च करते हैं।
एलएसजी के मालिक के अनुसार ऋषभ की विचार प्रक्रिया पारंपरिक के दायरे में नहीं आती। यही उन्हें आईपीएल के अब तक के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में से एक बनाएगी क्योंकि उनके सोचने का अंदाज अलग है।