दूसरे टेस्ट के लिए बुमराह को आराम देकर कुलदीप को शामिल करें : अजहरुद्दीन
Jun 30, 2025
मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि भारतीय टीम को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर बोझ नहीं बढ़ाते हुए उन्हें बीच-बीच में आराम देते रहना चाहिये। अजहर ने कहा कि बुमराह के फिट बने रहने से ही भारतीय टीम का गेंदबाजी आक्रमण बेहतर होगा। इस पूर्व कप्तान ने कहा है कि एजबेस्टन टेस्ट में भारतीय टीम बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को शामिल कर सकती है। साथ ही कहा कि लीड्स में पहले टेस्ट में भारतीय टीम बुमराह पर बहुत अधिक निर्भर थी पर ये सही नहीं है, टीम में अन्य गेंदबाजों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
अजहरुद्दीन ने कहा, ‘‘वे बुमराह पर बहुत अधिक निर्भर हैं पर ये सही नहीं है क्योंकि आपको अधिक अनुभवी गेंदबाजों की जरूरत है। इसलिए कुलदीप को अवसर देना चाहिए।’’ भारतीय टीम को दो जुलाई से एजबेस्टन के मैदान में खेलना है और यहां पिच के सूखी होने की संभावना है जिससे कुलदीप भी प्रभावी हो सकते हैं।
पूर्व कप्तान ने कहा कि जीत के लिए टीम संयोजन भी सही होना चाहिये। उन्होंने कहा, ‘‘हम निचले क्रम के बल्लेबाजी के विफल होने के कारण हारे, पर जीत के लिए गेंदबाजी भी सही होनी चाहिए।’’ अजहरुद्दीन ने नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें अपनी क्षमता साबित करने के लिए पूरा समय दिया जाना चाहिये। उन्होंने कहा, ‘‘यह कप्तान के तौर पर उनका पहला मैच है। इसलिए अभी से उनकीक कप्तानी का आंकलन नहीं किया जा सकता है। पहले उन्हें पर्याप्त समय और सहयोग देना होगा।’’