वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए आरबीआई और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा नर्मदापुरम में एफएलसी कैंप का सफल आयोजन

Jul 24, 2025

नर्मदापुरम । भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा 22 जुलाई 2025 को सावलखेड़ा और पवारखेड़ा गांवों में वित्तीय साक्षरता (एफएलसी) कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना और लोगों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुश्री रेखा चंदनावेली, क्षेत्रीय निदेशक, आरबीआई ने की। 

कार्यक्रम में प्रमुख धीरज गोयल, जोनल हेड, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं चेयरमैन, एसएलबीसी; प्रमोद मिश्रा, डीजीएम, एसएलबीसी; श्रीमती रोशनी हलेजा, एजीएम, आरबीआई, भोपाल; रजत मिश्रा, डीजीएम और क्षेत्रीय प्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, नर्मदापुरम; राजकुमार सेन, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, नर्मदापुरम; संजीव गाडगिल, एजीएम, प्रधान कार्यालय, इंदौर; आरडी बघेला, एलडीएम, नर्मदापुरम और दीपक पाटिल, डीडीएम, नाबार्ड मंचासीन रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन और बैंक की कॉरपोरेट प्रेयर से हुई। इसके बाद अतिथियों ने री-केवाईसी, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि सुश्री चंदनावेली ने अपने संबोधन में इन योजनाओं के लाभों के बारे में जानकारी दी और आरबीआई द्वारा वित्तीय साक्षरता को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर, मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लाभान्वित चार ग्राहकों को चेक वितरण किया गया। कैंप में लगभग 100 ग्रामीण ग्राहक उपस्थित रहे और उन्हें विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन मालाखेड़ी शाखा प्रबंधक प्रकाश दीवान द्वारा किया गया।

यह पहल ग्रामीण इलाकों में वित्तीय समावेशन और साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को लाभकारी योजनाओं से जोड़ने का अवसर मिलता है, बल्कि उन्हें एक सुरक्षित और सशक्त वित्तीय भविष्य की ओर मार्गदर्शन भी प्राप्त होता है।


Subscribe to our Newsletter