नॉन वेजिटेरियन एनिमल लवर्स के बचाव में आए रणवीर
Aug 18, 2025
मुंबई । आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद से पूरे देश में एक बहस छिड़ गई है। कुछ लोग उन लोगों को भी ट्रोल कर रहे हैं जो डॉग्स लवर्स हैं पर नॉन वेज खाते हैं। सोशल मीडिया पर छिडी बहस में एक्टर रणवीर शौरी नॉन वेजिटेरियन एनिमल लवर्स के बचाव में आए हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट लिखा है। उनके इस पोस्ट पर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स उनपर भड़क गए हैं। एक यूजर ने लिखा- कुत्तों को प्यार करना और बाकी जानवरों की प्रताड़ना से मुंह मोड़ लेना, ये दोगलापन है।
रणवीर शौरी उन एक्टर्स में से हैं जो बेबाकी से अपनी राय रखते हैं। इस मामले में भी उन्होंने ऐसा ही किया है। रणवीर शौरी ने लिखा- डीयर पागल वेजिटेरियन्स, जो नॉन वेजिटेरियन्स को एनिमल लवर्स होने के लिए दोगला बोल रहे हैं, क्या आप सभी पौधों के साथ एक जैसा व्यवहार करते हैं? क्या आप सभी पौधे खाते हैं? क्या आप सभी लोगों के साथ एक जैसा व्यवहार करते हैं? क्या आप हर आदमी को अपने पिता की तरह मानते हैं? अपनी नैतिकता के घमंड में अपनी सामान्य बुद्धि और विवेक को मत खोइए। रणवीर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए लिखा- इंसानों में नॉन मांसाहार का समर्थन विज्ञान से लेकर इतिहास तक मिलता है। वैसे ही पालतू जानवर रखने का भी। प्लीज इन दोनों को मिलाइए मत। अगर आप अपने मुंह और पैर में अंतर बता सकते हैं, तो ये समझना आसान होगा।
रणवीर के इस पोस्ट को लेकर लोगों ने उनसे सवाल किए हैं। एक यूजर ने पूछा- कोई मतलब है इस बात का? हम गर आदमी को अपने पिता की तरह नहीं देखते हैं, लेकिन एक मील के लिए हम किसी को मारते भी नहीं हैं। कुत्तों को प्यार करना और बाकी जानवरों की प्रताड़ना से मुंह मोड़ लेना, ये दोगलापन है। एक दूसरे यूजर ने लिखा- हमने कोई ऐसा पेड़ नहीं देखा है जो लोगों को काटता हो। एक ने पूछा अपने ऊपर बिना हंसे आप ये लिख भी कैसे पाए। बता दें कि इस बहस में जहां कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को ठीक बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से नाराज हैं।